Bikaner Breaking
  • Home
  • Bikaner
  • रोज़ की मारपीट से तंग पत्नी ने की पति की हत्या, 6 महीने बाद हुआ चौंकाने वाला खुलासा…
Image

रोज़ की मारपीट से तंग पत्नी ने की पति की हत्या, 6 महीने बाद हुआ चौंकाने वाला खुलासा…

🟡 Bikaner Crime News

बीकानेर जिले के खाजूवाला क्षेत्र में छह महीने पहले जले हुए शव के रूप में सामने आए युवक की मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मृतक की पत्नी ने ही घरेलू हिंसा से परेशान होकर उसकी हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

11 अगस्त 2025 को खाजूवाला थाना क्षेत्र के चक 13 डीकेडी में एक युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ था। प्रारंभिक तौर पर इसे आग लगने से हुई दुर्घटनात्मक मृत्यु माना गया। मृतक की पहचान राजकुमार बाजीगर के रूप में हुई। हालांकि, मृतक के पिता पप्पुराम ने बेटे की मौत पर संदेह जताते हुए मामला दर्ज करवाया। इसके बाद पुलिस ने केस को गंभीरता से लेते हुए गहन जांच शुरू की।

घटनास्थल का निरीक्षण एफएसएल टीम द्वारा किया गया। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट हुआ कि मृत्यु सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई। जांच के दौरान मृतक की पत्नी वीरपाल कौर की भूमिका संदिग्ध पाई गई।

नयाशहर थानाधिकारी कविता पूनियां, महिला थाना प्रभारी विशु वर्मा, एएसआई रामकुमार एवं हेड कांस्टेबल कौशल्या और भगवान सिंह की टीम ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। आखिरकार आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस पूछताछ में वीरपाल कौर ने स्वीकार किया कि उसका पति रोजाना उसके साथ मारपीट करता था। इसी से तंग आकर उसने 11 अगस्त की रात बैड पर बिछी चादर से पति का मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घटना को हादसा दिखाने के लिए कमरे में अलमारी में आग लगाकर बाहर से कमरा बंद कर दिया और दूसरे स्थान पर चली गई। सुबह वापस लौटकर उसने पति की मौत की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी वीरपाल कौर के खिलाफ हत्या (IPC धारा 302) का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *