RASHTRADEEP NEWS

मुंबई में भारतीय नौ सेना के शिप आईएनएस ब्रह्मपुत्र में लगी आग में जलकर झुंझुनूं का एक जवान शहीद हो गया है। रविवार को मुंबई स्थित नेवल डॉकयार्ड में मरम्मत के दौरान आग लग गई थी, तब से झुंझुनूं का जूनियर नाविक सीतेंद्र सिंह सांखला लापता थे।23 साल के सांखला झुंझुनूं की सूरजगढ़ तहसील के डांगर गांव के रहने वाले थे। गुरुवार को उनके पैतृक गांव डांगर में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सत्येंद्र सिंह सांखला के चाचा पवन सिंह सांखला ने बताया कि, रविवार 21 जुलाई को आईएनएस ब्रह्मपुत्र के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अगले दिन नेवी के अधिकारियों ने सूचना दी कि दुर्घटना के बाद से ही सीतेंद्र लापता है। उसकी तलाश की जा रही है। बुधवार 24 जुलाई को तड़के 3 बजे सीतेंद्र का शव नेवी के गोताखोरों ने निकाला। शहीद के भाई मनेंद्र ने बताया कि, रविवार रात को भाई सीतेंद्र से आखिरी बार बात हुई थी। तब उसने कहा था कि जहाज पर आग लग गई है। तू घर पर बात कर लेना। अब मैं बात नहीं कर पाऊंगा। क्या पता था कि उसके इन शब्दों के साथ ही जिंदगी भर उसके बिना रहना पड़ेगा।
बता दें कि आग लगने की घटना के बाद आईएनएस ब्रह्मपुत्र एक तरफ झुक गया था। जहाज पर लगी आग को 16 घंटे बाद बुझाया जा सका था। जिस वक्त हादसा हुआ, तब आईएनएस ब्रह्मपुत्र पर लगभग 300 अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौजूद थे। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया लेकिन सीतेंद्र लापता था। नेवी जवान सीतेंद्र सिंह का पार्थिव शरीर बुधवार शाम तक दिल्ली और उसके बाद गुरुवार सुबह 10 बजे तक सड़क मार्ग से उनके पैतृक गांव डांगर लाया जाएगा। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के नेता दिनेश सहारण ने बताया-शहीद के सम्मान में गुरुवार सुबह तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।