RASHTRADEEP NEWS
राजस्थान की राजनीति में कई दिनों से शांत रह रहे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत फिर से चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि अशोक गहलोत आज शाम दिल्ली जा रहे हैं। बता दें करीब तीन महीने के बेड रेस्ट बाद यह उनका पहला सियासी दौरा होगा। माना जा रहा है कि दिल्ली दौरे के दौरान अशोक गहलोत की कांग्रेस आलाकमान सहित कई नेताओं से राजनीतिक मुलाकाते होंगी। वहीं, ये भी चर्चा है कि बहुत जल्द गहलोत को संगठन में किसी बड़े पद की जिम्मेदारी मिल सकती है। सूत्रों के मुताबिक अशोक गहलोत अपने दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात कर सकते है।
राजस्थान में आज भी कांग्रेस की राजनीति की धुरी गहलोत ही माने जाते है, ऐसे में उनके दौरे को लेकर अटकलें लगना लाजमी है। इसके अलावा ये भी बता दें कि वर्तमान में हरियाणा और जम्मू कश्मीर में समय विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। और महाराष्ट्र व गुजरात में निकट भविष्य में होने वाले है। पहले का इतिहास देखा जाए तो गहलोत को मुश्किल जिम्मेदारी दी जाती है, जिसे वे अपने राजनीतिक कौशल से आसान बना लेते है। अब देखना होगा क्या जिम्मेदारी दी जाती है?
बताया जा रहा है कि अशोक गहलोत दिल्ली में केंद्रीय नेताओं के साथ चुनावी राज्यों से जुड़ी रणनीति भी बनाएंगे। इसके साथ-साथ मौजूदा हालातों में किन मुद्दों को उठाया जा सकता है और क्या रणनीति अपनाई जाती है, सभी मुद्दों पर नेताओं के साथ मंथन कर सकते हैं। वहीं पार्टी भी गहलोत के राजनीतिक अनुभव को काम में ले सकती है।














