🟢 Rajasthan Political News
अजमेर शहर से जुड़ी एक दर्दनाक खबर सामने आई है। कांग्रेस नेता और नगर निगम के पूर्व मनोनीत पार्षद मनवर खान कायमखानी (57) ने बुधवार शाम सीआरपीएफ रेलवे ओवरब्रिज के नीचे अजमेर-अमृतसर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।
घटना शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। ट्रेन के लोको पायलट ने तुरंत ही अजमेर स्टेशन मास्टर को सूचना दी कि सीआरपीएफ ब्रिज के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना पर अलवर गेट थाना और जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद किया, जिसमें उन्होंने अपने अस्वस्थ होने का जिक्र करते हुए अपनी मर्जी से जान देने की बात लिखी है।
अलवर गेट थाने के हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह ने बताया कि, मृतक की पहचान कोटड़ा निवासी कांग्रेस नेता और नगर निगम के पूर्व मनोनीत पार्षद मनवर खान कायमखानी पुत्र गफ्फार खान के रूप में हुई है। शव को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। जैसे ही घटना की जानकारी आसपास के लोगों को लगी, मौके पर भीड़ जमा हो गई। ट्रेन कुछ देर के लिए रुकी रही और पुलिस ने शव को ट्रैक से हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।














