🟡 Rohit Godara Gang News
राजधानी में रंगदारी और फिरौती की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। व्यापारी से लेकर नेता तक, हर कोई गैंगस्टरों के निशाने पर आ रहा है। अब इस कड़ी में दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के पूर्व अध्यक्ष रौनक खत्री को 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाली धमकी मिली है। खुद को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा बताने वाले शख्स ने रौनक को व्हाट्सऐप मैसेज और ऑडियो कॉल कर जान से मारने की चेतावनी दी है।
सूत्रों के अनुसार, धमकी देने वाले ने मैसेज में लिखा – “रौनक खत्री, बहुत हो गई नेतागिरी… 5 करोड़ देने की तैयारी कर ले या मरने के लिए तैयार हो जा। पांच करोड़ से कम का समझौता नहीं होगा।”
जानकारी के मुताबिक, धमकी देने वाला शख्स लगातार विदेश नंबर से मैसेज और कॉल कर रहा था। पहले मैसेज भेजे गए, जब जवाब नहीं मिला तो बार-बार कॉल किए गए। कॉल रिसीव न करने पर धमकियों की भाषा और ज्यादा खतरनाक होती चली गई। एक मैसेज में यहां तक लिखा गया – “कब तक फोन नहीं उठाएगा… अब देखना गोली कैसे आएगी।”
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि धमकी वास्तव में रोहित गोदारा गैंग से आई है या फिर कोई और इस नाम का इस्तेमाल कर डर फैलाने की कोशिश कर रहा है।


















