माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर द्वारा आयोजित 2025 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्तर-पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में गंभीर लापरवाही सामने आई है। इस लापरवाही के चलते शिक्षा विभाग ने चार शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
शिक्षा निदेशक आशीष मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि माध्यमिक परीक्षा 2025 के गणित विषय की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन वरिष्ठ अध्यापक ओमप्रकाश सैनी, रा.उ.मा.वि. रेलवे स्टेशन, अलवर को सौंपा गया था। जांच के दौरान उन्होंने कॉपियां इन्टर्न छात्रों के सामने खुली छोड़ दीं और स्वयं अन्यत्र चले गए। इसी दौरान विद्यालय की हिन्दी साहित्य व्याख्याता मीनाक्षी अरोड़ा ने उत्तर पुस्तिकाओं की फोटो लेकर मीडिया को भेज दी। इस अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए दोनों शिक्षकों को तत्काल निलंबित कर दिया गया।
वहीं, दूसरे मामले में डीडवाना-कुचामन क्षेत्र के रा.उ.मा.वि. बागोट के वरिष्ठ अध्यापक भंवरूद्दीन को संस्कृत विषय की कॉपियों का मूल्यांकन कार्य सौंपा गया था। उन्होंने अपने सहयोगी प्रदीप कुमार शर्मा, अध्यापक, रा.उ.मा.वि. निम्बड़ी, मकराना और उनके पिता से उत्तर-पुस्तिकाओं की केजिंग करवाई, जो नियमों के स्पष्ट उल्लंघन की श्रेणी में आता है। इस लापरवाही पर भंवरूद्दीन और प्रदीप कुमार शर्मा को भी तत्काल निलंबन का सामना करना पड़ा।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मूल्यांकन प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बोर्ड ने सभी मूल्यांकनकर्ताओं को नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है।



















