Kerala viral crime news
कहते हैं समय सब कुछ ठीक कर देता है, लेकिन केरल के कासरगोड़ जिले में एक चौथी कक्षा की पुरानी रंजिश ने 62 वर्षीय बुजुर्ग की पिटाई की वजह बनकर सबको चौंका दिया। इस हैरान कर देने वाली घटना में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर एक बुजुर्ग को पीटने का आरोप है। यह मामला 50 साल पुरानी उस कक्षा की ओर इशारा करता है, जहां वीजे बाबू और बाबू बालाकृष्णन एक साथ पढ़ते थे।
रिपोर्ट के अनुसार, कुछ दिन पहले दोनों की फिर से मुलाकात हुई थी, जिसके दौरान स्कूल के दिनों की बातों को लेकर कहासुनी हो गई। तब यह मामूली टकराव माना गया, लेकिन 2 जून को वही पुरानी रंजिश अचानक हिंसा में बदल गई। आरोप है कि बाबू बालाकृष्णन ने अपने साथी मैथ्यू वलियापलक्कल के साथ मिलकर वीजे बाबू पर हमला कर दिया। हमले से पहले वीजे से पूछा गया कि उसने “चौथी क्लास में बालकृष्णन पर हमला क्यों किया था?” जब वीजे ने जवाब देने से बचने की कोशिश की, तो दोनों ने मारपीट शुरू कर दी।
पत्थरों से किया गया हमला, बुजुर्ग अस्पताल में भर्ती
पुलिस के अनुसार, बालकृष्णन ने वीजे बाबू का कॉलर पकड़ रखा था, जबकि मैथ्यू ने उसके चेहरे और पीठ पर पत्थर से वार किए। स्थानीय लोगों की मदद से बुजुर्ग को बचाया गया और गंभीर चोटों के चलते उसे परियारम स्थित कन्नूर सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इन धाराओं में मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 126(2) (गैरकानूनी रूप से रोकना), धारा 118(1) (खतरनाक हथियारों से चोट पहुँचाना), और धारा 3(5) (साझे इरादे से किया गया अपराध) के तहत केस दर्ज किया है।
पुरानी दुश्मनी का खतरनाक अंजाम
यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था को चुनौती देती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि कैसे वर्षों पुरानी छोटी-सी बात एक दिन गंभीर हिंसा का रूप ले सकती है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

















