Sanjay Leela Bhansali FIR
बीकानेर के बीछवाल थाना क्षेत्र से बॉलीवुड जगत की बड़ी ख़बर सामने आई है। मशहूर फिल्म निर्माता-निर्देशक Sanjay Leela Bhansali के खिलाफ एक युवक ने धोखाधड़ी और बदसलूकी का मामला दर्ज कराया है। शिकायतकर्ता जोधपुर निवासी प्रतीक राज माथुर का कहना है कि उन्हें फिल्म लव एंड वॉर का लाइन प्रोड्यूसर बनाकर जिम्मेदारियां दी गईं। लेकिन बाद में न तो पेमेंट किया गया और न ही एग्रीमेंट पूरा किया गया।
प्रतीक राज माथुर, जो राधा फिल्म्स एंड हॉस्पिटैलिटी के सीईओ भी हैं, ने बताया कि भंसाली प्रोडक्शन्स से जुड़े लोगों ने उन्हें मेल के जरिए लाइन प्रोड्यूसर नियुक्त करने का आश्वासन दिया। उन्होंने फिल्म की शूटिंग से जुड़े अरेंजमेंट, प्रशासनिक कार्य और सुरक्षा इंतज़ाम किए। लेकिन जब वे बीकानेर के एक होटल पहुंचे तो संजय लीला भंसाली, प्रोडक्शन मैनेजर उत्कर्ष बाली और अरविंद गिल ने उनके साथ धक्का-मुक्की और बदतमीजी की। पुलिस ने प्रारंभ में रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिसके बाद उन्होंने कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया। कोर्ट के निर्देश पर संजय लीला भंसाली, भंसाली प्रोडक्शन्स, प्रोडक्शन मैनेजर उत्कर्ष बाली और अरविंद गिल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एफआईआर में कहा गया है कि, 17 अगस्त को होटल नरेंद्र भवन में संजय लीला भंसाली और उनकी टीम ने न सिर्फ धक्का दिया बल्कि धमकी भी दी कि उसकी कंपनी का काम नहीं होने देंगे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बिना लिखित एग्रीमेंट के उनके साथ धोखाधड़ी और विश्वासघात किया गया।
बता दें कि लव एंड वॉर की शूटिंग बीकानेर के जूनागढ़ किले और अन्य लोकेशन्स पर अगस्त में हुई थी। यह फिल्म रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल की मुख्य भूमिकाओं के कारण पहले से ही चर्चा में है।फिल्म की कहानी युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित एक प्रेम त्रिकोण को दर्शाएगी।














