RASHTRADEEP NEWS
प्रदेश में विधानसभा चुनाव की जंग में अब आरएसएस भी खुलकर आ गया है। भाजपा के साथ समन्वय स्थापित करने का काम कर रहा संघ प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय हो गया है। भाजपा के बड़े नेताओं और संघ के प्रमुख पदाधिकारियों के बीच लगातार बैठकें चल रही हैं।
सूत्रों के अनुसार हर विधानसभा में संघ ने अपने पदाधिकारियों को नियुक्त कर उन्हें चुनाव में काम करने की जिम्मेदारी दी है। यह पदाधिकारी बूथ स्तर तक काम कर रहे हैं। मतदाता जागरूकता के नाम पर ये काम किया जा रहा है। इसके लिए प्रांतवार संघ ने अलग-अलग बैठकें भी कर ली हैं। जोधपुर प्रांत की बुधवार को बैठक हो चुकी है। इस बैठक में भाजपा के बड़े नेता और संघ के क्षेत्रीय प्रचारक भी मौजूद थे। इसी तरह गुरुवार को एक बैठक बीकानेर में भी हुई है। इससे पहले संघ की दृष्टि से बनाए गए चित्तौड़ प्रांत की बैठक भीलवाड़ा में और जयपुर प्रांत की बैठक जयपुर में हो चुकी है।
इस तरह से काम करेगा संघ, भाजपा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि संघ ने कठिन विधानसभा सीटों पर दो पदाधिकारी लगाए हैं। वहीं, जो भाजपा के लिहाज से A और B श्रेणी की 100 सीटें हैं, उनमें एक-एक पदाधिकारी की नियुक्ति की गई है। ये पदाधिकारी भाजपा के स्थानीय नेता ही नहीं, संघ के पुराने और वर्तमान पदाधिकारियों से लगातार चर्चा कर फीडबैक प्रांत स्तर के पदाधिकारियों को देंगे और प्रांत स्तर के पदाधिकारी क्षेत्रीय स्तर के पदाधिकारियों को अपनी रिपोर्ट सौपेंगे। क्षेत्रीय स्तर के पदाधिकारी अपनी रिपोर्ट भाजपा आलाकमान को देंगे।
संघ की कुछ टिकटों की सिफारिशें भी, भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार आरएसएस ने कुछ उम्मीदवारों के नाम भी दिए हैं, जिन्हें टिकट देने की सिफारिश की गई है। करीब 25 नामों की सूची भाजपा के केन्द्रीय नेताओं के पास पहुंची है। इस सूची पर भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी संघ के पदाधिकारियों से चर्चा भी कर चुके हैं।