Bikaner Breaking
  • Home
  • Bikaner
  • गणेश बोथरा बने हिंदू नववर्ष धर्मयात्रा समिति के अध्यक्ष…
Image

गणेश बोथरा बने हिंदू नववर्ष धर्मयात्रा समिति के अध्यक्ष…

⚫ Hindu Navvarsh 2083

बीकानेर में भारतीय नववर्ष (विक्रम संवत 2083) को लेकर इस बार व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च 2026) से प्रारंभ होने वाले नववर्ष को “समाजोत्सव” के रूप में मनाने के उद्देश्य से शहर में एक नई नववर्ष समारोह समिति का गठन किया गया है। इस आयोजन को भव्य और दिव्य बनाने के लिए सर्व हिन्दू समाज, विभिन्न संगठनों और मातृशक्ति को साथ लेकर योजना तैयार की जा रही है। 27 फरवरी को माखन भोग उत्सव कुंज में आयोजित बैठक में शहर की सभी बस्तियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक टेकचंद बरडिया ने नववर्ष आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसे सामूहिक उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया।

नई समिति में समाजसेवी एवं उद्योगपति गणेश बोथरा को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उपाध्यक्ष पद पर राजेश चूरा और रामलाल कुम्हार को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि महामंत्री के रूप में भंवर पुरोहित और नवीन सिंह को नियुक्त किया गया है। मनोहर स्वामी को कोषाध्यक्ष और किशोर बांठिया को सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है। संयोजक उमेश व्यास के नेतृत्व में पूरी टीम आयोजन की तैयारियों में जुट गई है। धर्मयात्रा की व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। महाआरती स्थल और मुख्य मंच की व्यवस्था शैलेश गुप्ता को सौंपी गई है, वहीं विजय कोचर को विभिन्न संस्थाओं और व्यापारिक संगठनों से समन्वय का कार्य दिया गया है। कार्यालय व्यवस्था जगदीश सोलंकी और चंद्रकला आचार्य संभालेंगे, जबकि मीनाक्षी सोनी को प्रमुख चौराहों पर तिलक एवं प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी दी गई है। प्रचार-प्रसार और मीडिया का दायित्व मोहित जाजड़ा को सौंपा गया है।

कार्यक्रम के तहत 4 से 10 मार्च तक शहर की विभिन्न बस्तियों में होली स्नेह मिलन, नुक्कड़ सभाएं, मोहल्ला सजावट और दीप प्रज्वलन जैसे आयोजन होंगे। हर मोहल्ले से आकर्षक झांकियां निकालने की भी योजना बनाई गई है।इसके अलावा 7 मार्च 2026 को गोकुल सर्किल स्थित जसोदा भवन में शाम 7 बजे कार्यालय का उद्घाटन सुंदरकांड पाठ के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक विनायक की उपस्थिति भी रहेगी।

बीकानेर में इस बार भारतीय नववर्ष का आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और धार्मिक आस्था का एक भव्य संगम बनने जा रहा है, जिसमें हजारों लोगों की भागीदारी की संभावना जताई जा रही है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *