Bikaner News Today
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के किसानों की गंभीर समस्या को लेकर युवा नेता मांगीलाल गोदारा ने आज राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से जयपुर में मुलाकात की। गोदारा ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ कृषि बोरवेलों का बड़ा क्षेत्र है और यहां किसानों की अर्थव्यवस्था पूरी तरह कृषि आधारित कुओं व बोरवेलों पर निर्भर है।
इस बार बारिश अच्छी होने से मूंगफली की फसल लहलहा रही है, लेकिन हाल के दिनों में विद्युत विभाग द्वारा बकाया बिल के नाम पर किसानों के ट्रांसफार्मर उतारे जा रहे हैं। इससे पकाव पर खड़ी फसलें नष्ट होने का खतरा मंडरा रहा है। किसानों का कहना है कि यदि समय पर सिंचाई नहीं मिली तो मेहनत और लागत दोनों बेकार हो जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए प्रदेश व जिला प्रशासन तथा विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने आग्रह किया कि किसानों को फसल कटाई व बाजार में बिक्री तक का समय दिया जाए। फसल बिकने के बाद किसान आसानी से बकाया भुगतान भी कर पाएंगे। इस मौके पर युवा नेता कान नाथ गोदारा, विक्रम चौधरी सहित कई कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।















