Gold-Silver Rate
भारत में सोने और चांदी की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं। 11 अप्रैल शुक्रवार को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत ₹2,913 बढ़कर ₹93,074 हो गई। यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। इससे पहले इसका भाव ₹90,161 था। वहीं एक किलो चांदी ₹1,958 बढ़कर ₹92,627 पर पहुंच गई है। गौरतलब है कि 28 मार्च को चांदी ₹1,00,934 के उच्चतम स्तर पर पहुंची थी, जबकि 3 अप्रैल को सोने ने ₹91,205 का रिकॉर्ड बनाया था।
तो आखिर क्यों बढ़ रही है सोने की चमक? जानिए 3 बड़े कारण:
- अमेरिका की टैरिफ पॉलिसी और ट्रेड वॉर का खतरा:
अमेरिका की सख्त टैरिफ नीतियों के चलते ट्रेड वॉर की आशंका बढ़ गई है। इससे वैश्विक मंदी का डर सताने लगा है। जब आर्थिक अनिश्चितता बढ़ती है, तो निवेशक सुरक्षित विकल्प के रूप में सोने की ओर रुख करते हैं। - डॉलर के मुकाबले कमजोर हुआ रुपया:
इस साल रुपया करीब 4% कमजोर हुआ है, जिससे इंपोर्ट महंगा हो गया है। भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर सोना विदेशों से मंगाता है। ऐसे में रुपए की कमजोरी सीधे कीमतों पर असर डालती है। - शादी-ब्याह का सीजन:
भारत में शादी के मौसम की शुरुआत हो चुकी है, और यह वो समय होता है जब सोने की मांग तेजी से बढ़ती है। मुंबई, दिल्ली और चेन्नई जैसे शहरों में ज्वैलर्स का कहना है कि कीमतें भले ही ऊंची हों, लेकिन ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ है।