⚪ Bikaner bhujia price drop
मिठास और मसाले का संगम, बीकानेरी भुजिया की कीमतों में बड़ी राहत मिलने लगी है। केंद्र सरकार द्वारा भुजिया पर लगे जीएसटी (GST) को 12% से घटाकर 5% करने के फैसले के बाद बीकानेर के भुजिया व्यापारियों ने भी अपने दाम घटा दिए हैं। इससे अब भुजिया के रेट में 15 से 20 रुपए प्रति किलो तक की कमी देखने को मिली है। बीकानेर में लगभग 100 से अधिक भुजिया भट्टियां हैं और पहले भुजिया का दाम 220 रुपए प्रति किलो के हिसाब से था। जीएसटी में कमी के बाद यह अब 200 रुपए प्रति किलो से शुरू हो रही है।
Bikaji ने घटाए दाम
बीकानेर की मशहूर कंपनी बीकाजी ने भी अपने भुजिया प्रोडक्ट्स के रेट कम कर दिए हैं। नए रेट इस प्रकार हैं:
- 200 ग्राम पैक: 62 रुपए से घटकर 58 रुपए
- 400 ग्राम पैक: 122 रुपए से घटकर 110 रुपए
- गिफ्ट पैक: 370 रुपए का पैक अब 350 रुपए, और 663 रुपए वाला पैक अब 630 रुपए
हालांकि गिफ्ट पैक में शामिल मिठाई पर जीएसटी में कोई बदलाव नहीं हुआ।
Bhikharam Chandmal ने पेश किया ‘GST धमाका’ ऑफर
बीकानेर की दूसरी बड़ी भुजिया निर्माता कंपनी भीखाराम चांदमल ने इस कमी को ‘GST धमाका’ का नाम दिया है। कंपनी के प्रचार प्रमुख ज्ञान गोस्वामी ने बताया कि 240 रुपए प्रति किलो भुजिया अब घटाकर 224 रुपए प्रति किलो कर दी गई है। अन्य प्रोडक्ट्स पर भी इसी अनुपात में रेट कम किए गए हैं।
खुले भुजिया विक्रेताओं ने भी रेट कम किए
शहर में खुले भुजिया बेचने वाले विक्रेता भी पीछे नहीं हैं। आचार्यों के चौक के भुजिया निर्माता ऋषि पुरोहित (पूनसा) ने बताया कि कल तक 220 रुपए में बिकने वाली भुजिया अब 200 रुपए प्रति किलो में उपलब्ध होगी। हालांकि खुले भुजिया पर जीएसटी में कोई कमी नहीं हुई, फिर भी व्यापारियों ने ग्राहकों के लिए रेट कम किए हैं।














