🟢 Rajasthan Accident News
राजस्थान के पाली जिले में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। जिसमें एक युवक की जिंदा जलने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा ब्यावर–पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि एसयूवी में सवार युवक मवेशी को बचाने की कोशिश में डिवाइडर तोड़कर सामने से आ रहे ट्रक में जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में भीषण आग लग गई और कुछ ही सेकेंड में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे यह हादसा हुआ। मवेशी को बचाने के दौरान एसयूवी चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन डिवाइडर पार कर ट्रक से जा टकराया। टक्कर के बाद एसयूवी में आग भड़क उठी और चालक बाहर नहीं निकल सका। कुछ ही देर में कार जलकर खाक हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। इस भीषण टक्कर में ट्रक चालक रवि जाट, निवासी गोगामेड़ी (हनुमानगढ़), घायल हो गया। वह दवाइयों से भरा ट्रक लेकर पंजाब से मुंबई की ओर जा रहा था। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से पाली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद ब्यावर–पिंडवाड़ा हाईवे पर लम्बा जाम लग गया। सूचना मिलने पर दमकलकर्मी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और यातायात को दोबारा सुचारू किया गया।
















