Vice President Election 2025
देश के 15वें उपराष्ट्रपति के लिए आज मतदान संपन्न हुआ, जिसमें NDA उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने शानदार जीत हासिल की। राधाकृष्णन को 452 वोट मिले जबकि विपक्षी गठबंधन INDIA के उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट ही मिल पाए। इस तरह राधाकृष्णन ने 152 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर NDA का परचम लहराया।
चुनाव में खास बात यह रही कि कुल 12 सांसदों ने वोटिंग नहीं की। वहीं, BRS और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की पार्टी BJD ने उपराष्ट्रपति चुनाव से दूरी बनाए रखी और किसी भी गठबंधन का समर्थन नहीं किया। हालांकि, आंध्र प्रदेश की सत्ताधारी YSRCP के 11 सांसदों ने पहले ही NDA उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने का ऐलान कर दिया था। चुनाव नतीजों के साथ अब राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। वे जगदीप धनखड़ की जगह लेंगे, जिन्होंने 21 जुलाई को खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक शेष था।
राधाकृष्णन की जीत को NDA के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है, वहीं विपक्ष की हार ने संसद के ऊपरी सदन में सत्ता संतुलन को और भी दिलचस्प बना दिया है।


















