⚪ ISI agent arrested Rajasthan
राजस्थान की सीआईडी इंटेलिजेंस की जयपुर इकाई ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने वाले एक भारतीय एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रकाश सिंह (34) उर्फ बादल, निवासी फिरोजपुर (पंजाब) के रूप में हुई है, जो सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के संपर्क में था और सैन्य गोपनीय सूचनाएं बेच रहा था।
महानिरीक्षक पुलिस इंटेलिजेंस प्रफुल्ल कुमार के अनुसार, 27 नवंबर को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर बादल को श्रीगंगानगर के साधूवाली सैन्य एरिया के पास से पकड़ा गया जांच में उसके मोबाइल से पाकिस्तानी नंबरों पर किए गए चैट, कॉल और मीडिया शेयरिंग के पुख्ता सबूत मिले।
ज्वाइंट इंटरोगेशन सेंटर, श्रीगंगानगर में पूछताछ के दौरान बड़ा खुलासा हुआ कि आरोपी ऑपरेशन सिंदूर के समय से ही ISI के संपर्क में था।
वह पाकिस्तान को यह संवेदनशील जानकारियां भेजता था— सेना के कैंप, वाहन मूवमेंट और लोकेशन, सीमावर्ती इलाके की भौगोलिक स्थिति। पुल, नई सड़कें, रेलवे लाइनें, नए निर्माण कार्य और सुरक्षा व्यवस्थाएं। बादल की एक और खतरनाक भूमिका सामने आई — पाक हैंडलर्स की मांग पर वह भारतीय मोबाइल नंबरों के OTP भेजता था, जिससे पाक एजेंट भारत के नंबरों पर व्हाट्सएप चलाकर जासूसी, साइबर क्राइम और राष्ट्रविरोधी मिशन संचालित करते थे। बदले में बादल को पैसा मिलता था।
आरोपी को जयपुर स्थित केंद्रीय पूछताछ केंद्र लाया गया, जहां विस्तृत तकनीकी परीक्षण में उसकी जासूसी गतिविधियों की पुष्टि हुई। इसके बाद उसके खिलाफ शासकीय गुप्त बात अधिनियम 1923 (Official Secrets Act) के तहत स्पेशल पुलिस स्टेशन जयपुर में मुकदमा दर्ज कर औपचारिक गिरफ्तारी कर ली गई।

















