RASHTRADEEP NEWS
भाजपा से बीकानेर पश्चिम प्रत्याशी जेठानन्द व्यास के चुनाव मुख्य कार्यालय का शुभारम्भ रविवार को गोकुल सर्किल स्थित यशोदा भवन में विधि विधान से हुआ। मुख्य कार्यालय का शुभारम्भ बीकानेर के प्रभारी सुभाष शर्मा एवं जिलाध्यक्ष विजय आचार्य ने फीता काटकर किया। कार्यकर्ताओं द्वारा भारत माता की जय व जय श्री राम के नारों के साथ पूरा कार्यालय गुंजायमान हो गया। इस अवसर पर जेठानन्द व्यास ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में जनता का जो रूझान है उसको देखकर यह लग रहा है कि इस बार जीत ऐतिहासिक होगी। क्योंकि यह चुनाव मैं नहीं लड़ रहा बल्कि जनता स्वयं लड़ रही है। मैं पार्टी से सिर्फ एक चेहरा हूं। जनता ही जेठानन्द व्यास बनकर इस चुनाव में विजयी होगी।
कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर भाजपा प्रभारी सुभाष शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि राजस्थान में भाजपा की सरकार बनना तय है और बीकानेर में भाजपा की जीत निश्चित है। जिलाध्यक्ष विजय आचार्य ने कहा कि भाजपा पार्टी ने अपने हर कार्यकर्ता को अपने परिवार का सदस्य समझा है। वहीं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के बारें में विस्तृत जानकारी प्रदान की। गोकुल जोशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि विपक्ष द्वारा जो भी भ्रांतिया फैलाई जा रही है वह गलत है। हम तन मन धन से हमारे प्रत्याशी के साथ है। हम सभी एकजुट होकर जेठानन्द व्यास को विजयी बनाकर विधानसभा भेजेंगे।
राजकुमार किराड़ू ने कहा कि हमारा एक ही लक्ष्य है कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार को ज्यादा से ज्यादा मतों से हराया जाए। वहीं महेश व्यास ने कहा कि जेठानन्द व्यास जैसे आम आदमी को टिकट देकर पार्टी ने समस्त कार्यकर्ताओं का मान सम्मान बढाया है इसी वजह से कार्यकर्ताओं में यह जोश व जुनून है।