🟡 Bikaner News Today
दीपावली के त्यौहार को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम मैदान में उतर आई है। बुधवार को केईएम रोड सहित आसपास के मुख्य बाजारों में अधिकारियों ने पैदल राउंड लेते हुए दुकानदारों को सड़क पर टेंट, अस्थाई शेड या सामान फैलाकर अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे टेंट और डिस्प्ले लगाकर सड़क का हिस्सा घेर रखा था। ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम अधिकारियों ने मौके पर समझाइश कर टेंट हटवाए और भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी।
ट्रैफिक पुलिस थाना प्रभारी नरेश निर्वाण ने बताया कि, दीपावली सीजन में बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में मुख्य सड़कों और बाजार गलियों को खुला रखना बेहद जरूरी है ताकि आमजन को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि व्यवसायियों से सहयोग की अपेक्षा रखते हुए उन्हें सड़कों पर अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि, बाजारों के बीच अस्थाई दुकानें लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके लिए प्रशासन से वैकल्पिक स्थान तय करने का आग्रह किया गया है ताकि व्यापार और यातायात दोनों सुचारू रूप से चल सकें।















