RASHTRA DEEP NEWS
राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनैतिक पार्टियों में हलचल तेज हो गई है। राजस्थान विधानसभा चुनावों में इस बार सोशल मीडिया की अहम भूमिका रहने वाली है। चाहे बीजेपी हो या कांग्रेस दोनों ही दल अपने सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से वीडियो, फोटो और टेक्स्ट पोस्ट के जरिए एक दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जयपुर में एक जनसभा की। इस कार्यक्रम में जेपी नड्डा ने कांग्रेस के खिलाफ ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ अभियान की शुरुआत की।इस दौरान नड्डा ने अभियान का आगाज करते हुए एक ‘थीम वीडियो’ भी जारी किया, जिसमें महिलाओं के खिलाफ अपराध, उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या, सांप्रदायिक दंगे और अन्य मुद्दों पर प्रकाश डाला गया है।इस अभियान के जरिए बीजेपी का मुख्य लक्ष्य प्रदेश के 2 करोड़ लोगों तक पहुंचना है।
इस दौरान नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की UPA सरकार का मतलब ‘उत्पीड़न, पक्षपात और अत्याचार’ है और पार्टी को राजस्थान में एक मिनट भी सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अशोक गहलोत सरकार पूरे भारत में भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है।


















