🟡 Lawrence Bishnoi Gang
जयपुर से एक बार फिर गैंगस्टर नेटवर्क की दहशत भरी खबर सामने आई है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुख्यात गुर्गे हरि बॉक्सर ने शहर के एक प्रतिष्ठित बिजनेसमैन को विदेश में रहते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने नारायण विहार थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सूत्रों के अनुसार, बिजनेसमैन एक प्रसिद्ध कंपनी के ऑनर हैं, जिनका ऑफिस जयपुर के सी-स्कीम में स्थित है। वह 5 से 12 अक्टूबर तक अपने परिवार के साथ कनाडा के आधिकारिक दौरे पर थे। इसी दौरान 9 अक्टूबर की रात विदेश के दो मोबाइल नंबरों से धमकी भरे कॉल आए।कॉल रिसीव करने पर कॉल करने वाले ने खुद को हरि बॉक्सर बताया और कहा कि उसकी जानकारी YouTube और Google पर मिल जाएगी। इसके बाद कॉल करने वाले ने गाली-गलौज करते हुए खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का मेंबर बताया और बिजनेसमैन व उनके परिवार को गोलियों से भून देने की धमकी दी।
कॉल के दौरान आरोपी ने कहा –
“इतनी गोलियां दागूंगा कि तेरी सात पीढ़ियां याद रखेंगी।” पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर गैंगस्टर हरि बॉक्सर और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही, कॉल डिटेल और अंतरराष्ट्रीय नंबरों की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, शुरुआती जांच में कॉल्स VOIP (इंटरनेट कॉलिंग प्लेटफॉर्म) के जरिए किए जाने की आशंका है। ATS और साइबर सेल की टीमें भी मामले की तहकीकात में जुट गई हैं।गौरतलब है कि हरि बॉक्सर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य माना जाता है, जो पहले भी वसूली और धमकी जैसे मामलों में कई बार जेल जा चुका है।
















