🟢 Rajasthan & Gujarat ATS arrests ISIS terrorists
गुजरात एटीएस ने देश की सुरक्षा के खिलाफ रची जा रही बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा किया है। एटीएस ने तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है जो आईएसआईएस के इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रांत (ISKP) से जुड़े हुए हैं। गिरफ्तार आतंकियों की पहचान डॉ. अहमद मोहियुद्दीन सैयद (हैदराबाद), आजाद सुलेमान शेख (शामली, यूपी) और मोहम्मद सुहैल उर्फ सलीम खान (लखीमपुर खीरी, यूपी) के रूप में हुई है।
पूछताछ में हनुमानगढ़ कनेक्शन का खुलासा
पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है कि तीनों आतंकी हनुमानगढ़ (राजस्थान) के रास्ते गुजरात पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि इन्हें ड्रोन के जरिए हथियार सप्लाई किए गए। जिनमें – दो ग्लॉक पिस्तौल, एक बेरेटा पिस्तौल और 30 कारतूस शामिल हैं।
इसके अलावा इनके पास से 4 लीटर अरंडी का तेल मिला है, जिससे घातक जहर ‘राइसिन’ तैयार करने की योजना थी।सूत्रों के मुताबिक, डॉ. सैयद ने पाकिस्तान से मिले निर्देशों के आधार पर राइसिन जैसे केमिकल हथियार बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।
देश में कई जगहों पर हमलों की साजिश
गुजरात एटीएस के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आतंकी दो अलग-अलग आईएसआईएस मॉड्यूल्स का हिस्सा थे। इनकी प्लानिंग थी कि देशभर में एक साथ कई जगहों पर आतंकी हमले किए जाएं। इनके पाकिस्तानी हैंडलर अब्दुल खदीजा लगातार संपर्क में थे और हमलों के निर्देश विदेश से ही दिए जा रहे थे।
राजस्थान एटीएस भी एक्शन में
हनुमानगढ़ लिंक सामने आने के बाद राजस्थान एटीएस की टीम गुजरात रवाना हो गई है। टीम अब इस बात की जांच करेगी कि हथियारों की सप्लाई में राजस्थान का कोई नेटवर्क या स्लीपर सेल शामिल तो नहीं था, और किन लोगों ने आतंकी गतिविधियों में मदद की।
गुजरात एटीएस के डीआईजी सुनील जोशी का बयान
गिरफ्तार तीनों आतंकी आईएसआईएस के आईएसकेपी मॉड्यूल से जुड़े हुए हैं। ये पाकिस्तान स्थित हैंडलर अब्दुल खदीजा के संपर्क में थे।
कोर्ट ने इन्हें 17 नवंबर तक रिमांड पर भेजा है ताकि पूछताछ में और सुराग मिल सकें। — डीआईजी सुनील जोशी, गुजरात एटीएस


















