🟡 Khajdi Bachao Andolan
खेजड़ी बचाओ आंदोलन को बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य में कानून बनने तक खेजड़ी के पेड़ नहीं काटे जाएंगे। गुरुवार देर रात राज्य मंत्री केके विश्नोई सरकार का आधिकारिक पत्र लेकर बीकानेर पहुंचे, जिसके बाद 11 दिनों से जारी महापड़ाव समाप्त कर दिया गया।

आंदोलन के मुख्य संयोजक राम गोपाल बिश्नोई ने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि सरकार ने खेजड़ी संरक्षण को लेकर सर्कुलर जारी कर दिया है। आगामी सत्र में इसे नियम के रूप में लाने की भी घोषणा की गई है।उन्होंने कहा, “यह आप सभी के संघर्ष की जीत है। हमें आगे भी संगठित रहना होगा।” सरकारी पत्र आने से पहले ही मंच से घोषणा कर दी गई थी कि “हमारा भाई शुभ संदेश लेकर आ रहा है।” इसके बाद नानी बाई को मायरो के गीतों के साथ खुशियां मनाई गईं। माहौल भावुक और उत्साहपूर्ण रहा।
राम गोपाल बिश्नोई ने कहा कि इस आंदोलन में बिश्नोई समाज सहित 36 कौम का सहयोग मिला, जिसके लिए सभी का आभार व्यक्त किया गया। खेजड़ी बचाओ आंदोलन के तहत बीकानेर में महापड़ाव पिछले 11 दिनों से जारी था। सरकार के लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन को फिलहाल समाप्त कर दिया गया है।














