RASHTRADEEP NEWS
असम के बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पश्चिम बंगाल में एंट्री कर चुकी है। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने यात्रा में किसी तरह की बाधा या परेशानी न हो, इसके लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेटर लिखा है। उन्होंने ममता बनर्जी से यात्रा को सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने की मांग की है।खड़गे ने लेटर में ममता से कहा कि आपको पता ही होगा कि आपके पड़ोसी राज्य असम में न्याय यात्रा को रोकने की कोशिश की गई। यह राजनीतिक उकसावे पर किया गया है, लेकिन हमारे कैडर ने इसका बहादुरी से सामना किया। अब यात्रा अगले कुछ दिनों में बंगाल से होकर गुजर रही है। मुझे अवगत कराया गया है कि कुछ शरारती तत्व फिर से यात्रा में बाधा बन सकते हैं। इसलिए सुरक्षा सुनिश्चित करें।
राहुल गांधी के नेतृत्व में 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई यात्रा सुबह असम से पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में प्रवेश कर गई। कूचबिहार में एक रोड शो का नेतृत्व करने के बाद राहुल गांधी नई दिल्ली चले गए, क्योंकि यात्रा ने दो दिन का ब्रेक लिया है। 28 जनवरी को दोपहर 2 बजे जलपाईगुड़ी से यात्रा फिर से शुरू होगी।इससे पहले ममता बनर्जी ने कांग्रेस की न्याय यात्रा में शामिल न होने की भी बात कही थी। उन्होंने कहा- 25 जनवरी को राहुल गांधी की न्याय यात्रा हमारे राज्य से गुजर रही है, लेकिन हमें इसके बारे में बताया तक नहीं गया। हमें यात्रा से जुड़ने के लिए नहीं बोला गया है, इसलिए हम इसमें शामिल नहीं होंगे।