Bikaner Breaking
  • Home
  • Bikaner
  • बीकानेर में मेडिकल नेग्लिजेंस, बिना टेस्ट लगाए इंजेक्शन से बच्चों की तबीयत बिगड़ी…
Image

बीकानेर में मेडिकल नेग्लिजेंस, बिना टेस्ट लगाए इंजेक्शन से बच्चों की तबीयत बिगड़ी…

Bikaner Satellite Hospital

बीकानेर के जस्सूसर गेट स्थित जिला अस्पताल में शुक्रवार देर रात बड़ा मेडिकल लापरवाही का मामला सामने आया। भर्ती बच्चों को एंटीबायोटिक सिफोटेक्सिम इंजेक्शन लगाए जाने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। करीब 10 बच्चों को तेज कंपकंपी और बेचैनी होने लगी। परिजनों ने हंगामा शुरू किया तो डॉक्टर्स व नर्सिंग स्टाफ मौके पर पहुंचे। स्थिति को गंभीर होते देख दो बच्चों को तुरंत पीबीएम हॉस्पिटल रेफर किया गया। देर रात तक जिला अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार, बच्चों को लगाए जाने वाले एंटीबायोटिक इंजेक्शन से पहले प्री-टेस्ट किया जाना अनिवार्य होता है। लेकिन इस बार स्टाफ ने टेस्ट किए बिना ही पूरा डोज़ लगा दिया। इसके बाद अचानक बच्चों की हालत बिगड़ गई। हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष राउंड पर थे और तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण चतुर्वेदी को बुलाया। बच्चों को दूसरा इंजेक्शन लगाने के बाद अधिकांश की स्थिति सामान्य हुई। जिन दो बच्चों को पीबीएम भेजा गया था, उनकी भी हालत देर रात तक स्थिर बताई गई।

बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन देर रात तक हंगामा करते रहे। हालात काबू से बाहर होते देख नयाशहर पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने परिजनों और अस्पताल प्रशासन से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया।

अधीक्षक डॉ. हर्ष के अनुसार, हाल ही में अस्पताल में सिफोटेक्सिम इंजेक्शन की नई सप्लाई आई है। यह दवा कई बार बच्चों में रिएक्शन कर देती है। शुक्रवार रात भी इंजेक्शन लगते ही यही समस्या सामने आई।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *