🟡 MGSU Bikaner Exam Controversy
बीकानेर स्थित महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बुधवार को आयोजित B.Ed Semester-1 की परीक्षा के दौरान छात्रों को वह प्रश्नपत्र नहीं मिला जो निर्धारित था। बताया जा रहा है कि परीक्षा केंद्रों पर पुराना प्रश्नपत्र प्रिंट होकर पहुंच गया, जिससे परीक्षा शुरू होते ही छात्रों में भ्रम और नाराजगी फैल गई।
गलत प्रश्नपत्र मिलने के बाद कई छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। हालांकि बाद में स्थिति संभालते हुए छात्रों को उसी प्रश्नपत्र को अटेंड करने के निर्देश दे दिए, जिसके बाद परीक्षा जारी रखी गई। छात्रों का कहना है कि, इससे उनकी तैयारी और समय दोनों प्रभावित हुए हैं। कई छात्रों ने इसे विश्वविद्यालय की लापरवाही और परीक्षा प्रबंधन की बड़ी चूक बताया। जिसके चलते राजस्थान महिला टीटी कॉलेज की छात्राओं ने महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक को पत्र लिखकर अपना विरोध जताए।

गौरतलब है कि इससे पहले भी MA Political Science Semester-1 की परीक्षा में इसी तरह की गड़बड़ी सामने आ चुकी है। उस परीक्षा में प्रश्नपत्र के फ्रंट पेज पर Section-A में MCQs और Fill in the Blanks आने की जानकारी दी गई थी, लेकिन जब छात्रों ने प्रश्नपत्र खोला तो Section-A में Define टाइप प्रश्न आ गए। इस गलती से भी छात्रों को काफी परेशानी उठानी पड़ी थी।
लगातार सामने आ रही इन गड़बड़ियों के बाद छात्र अब विश्वविद्यालय से परीक्षा प्रणाली में सुधार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।















