Bikaner News
सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम कुमार दक गुरुवार को बीकानेर प्रवास पर रहे, जहां उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के “संविधान हत्या दिवस” वाले बयान पर तीखा जवाब दिया।
मंत्री दक ने कहा, गहलोत और कांग्रेस को संविधान पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। जिस पार्टी ने देश में आपातकाल थोपकर लोकतंत्र का गला घोंटा, आज वही पार्टी संविधान की दुहाई दे रही है, यह विडंबना नहीं तो और क्या है?
उन्होंने कहा कि आपातकाल कांग्रेस शासन में लगाया गया, और महज़ एक व्यक्ति की सत्ता बचाने के लिए पूरे देश को संकट में झोंक दिया गया। उन्होंने इसे “लोकतंत्र की सबसे बड़ी हत्या” बताया और कहा कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान के खिलाफ कांग्रेस के षड्यंत्र इतिहास में दर्ज हैं। गौतम दक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संविधान की हत्या करने वाले अब संविधान के रक्षक होने का ढोंग न करें।














