PM Modi Red Fort speech 2025
स्वतंत्रता दिवस 2025 के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से 12वीं बार राष्ट्र को संबोधित करते हुए अपने भाषण की शुरुआत ऑपरेशन सिंदूर के वीर जवानों को सलाम से की। पीएम मोदी ने कहा, “22 अप्रैल को पहलगाम में हुए नरसंहार ने पूरे देश को झकझोर दिया था। हमारे सैनिकों ने दुश्मनों को उनकी कल्पना से परे सजा दी। सैकड़ों किलोमीटर अंदर जाकर आतंकियों को नेस्तनाबूद किया। पाकिस्तान में हुई तबाही से आज भी उनके होश उड़े हैं।”
न्यूक्लियर ब्लैकमेल पर सख्त संदेश
मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि, भारत अब आतंकवाद और उसे पनाह देने वालों में फर्क नहीं करेगा। “न्यूक्लियर धमकियों का दौर अब खत्म। खून और पानी एकसाथ नहीं बहेंगे। अगर दुश्मन ने दोबारा कोशिश की, तो हमारी सेना समय और जगह तय करेगी, और मुंहतोड़ जवाब देगी।”
आत्मनिर्भर भारत का रोडमैप
पीएम ने युवाओं से Bio-3 (बायोटेक्नोलॉजी, बायोमेडिकल और बायोएनर्जी) के क्षेत्र में रिसर्च और पेटेंट पर जोर देने की अपील की। उन्होंने कहा, “भारत का पैसा भारत में ही रहना चाहिए। UPI के जरिए दुनिया को दिखा दिया है कि डिजिटल लेनदेन में हम आगे हैं। अब फर्टिलाइजर उत्पादन में भी आत्मनिर्भर बनना होगा।”
स्पेस और डिफेंस में नए लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के ISS मिशन से लौटने का जिक्र करते हुए कहा कि भारत का अपना स्पेस स्टेशन जल्द होगा। “हमारा अपना मेड इन इंडिया जेट इंजन होगा। हर सेक्टर में आधुनिक इकोसिस्टम तैयार हो रहा है और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प है।”


















