Bikaner Breaking
  • Home
  • Rajasthan
  • न्यू ईयर पार्टी के दौरान हत्या, आरोपी डिटेन…
Image

न्यू ईयर पार्टी के दौरान हत्या, आरोपी डिटेन…

⚫ Rajasthan Crime News

नए साल के जश्न के दौरान मामूली विवाद ने एक कर्मचारी की जान ले ली। बाड़मेर जिले के शिव थाना क्षेत्र में स्थित रिन्यू पावर सोलर प्लांट परिसर में न्यू ईयर पार्टी के दौरान खाने को लेकर हुए झगड़े में एक कर्मचारी की पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। घायल कर्मचारी ने जोधपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 1 जनवरी की देर रात कोटड़ा मेहरों की ढाणी गांव स्थित रिन्यू पावर प्लांट परिसर की है। पार्टी के दौरान झांसी (उत्तर प्रदेश) निवासी मशीन ऑपरेटर सत्येंद्र सिंह (34) और बाड़मेर के आकोड़ा निवासी सवाई सिंह (35) के बीच खाने को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

बताया जा रहा है कि, विवाद के दौरान सवाई सिंह ने डंडे से सत्येंद्र के पैर पर वार किया। इससे गुस्साए सत्येंद्र ने पास पड़ा पत्थर उठाकर सवाई सिंह के सिर पर दे मारा। गंभीर चोट लगने से सवाई सिंह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और घायल सवाई सिंह को तुरंत शिव हॉस्पिटल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जोधपुर के एमडीएम हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां एक दिन चले इलाज के बाद 2 जनवरी की देर रात उसकी मौत हो गई।

शिव थाना इंचार्ज सत्यप्रकाश विश्नोई ने बताया कि, परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी कर्मचारी सत्येंद्र सिंह को डिटेन कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *