RASHTRADEEP NEWS
गर्मी का प्रकोप शुक्रवार को और बढ़ गया। खासकर रेगिस्तान यानी पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है। फलौदी में इस सीजन का सर्वाधिक तापमान 49 डिग्री पर पहुंच गया। जैसलमेर में सात साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए पारा 48.3 डिग्री दर्ज हुआ। इससे पहले जैसलमेर में 2016 में 49.0 डिग्री तक पहुंचा था।
हीट स्ट्रोक ने शुक्रवार को भी 8 लोगों की जान ले ली, 6 अन्य मौतें भी हुई हैं, लेकिन इनकी मौत गर्मी से होने की पुष्टि नहीं हुई है। प्रदेश में मौसम का हाल कुछ जगह विरोधाभाषी भी रहा। जहां छह शहरों में पारा 47 डिग्री से ज्यादा रहा। वहीं, पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, वनस्थली, धौलपुर में तापमान 1 से 2 डिग्री कम हुआ है, जिससे लोगों को राहत मिली है।
नौतपा शनिवार से शुरू हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इसमें अगले 3 दिन भीषण गर्मी होगी। इस दौरान जैसलमेर, बाड़मेर, फलौदी, श्रीगंगानगर में पारा 50 डिग्री पहुंच सकता है। इसके बाद पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश होने से राहत मिलने की संभावना है। तापमान 2 से 3 डिग्री लुढ़कने के आसार हैं। हालांकि पश्चिमी प्रदेश में राहत 30 मई के बाद ही मिलेगी।