Vice President Election
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफ़े के बाद देश का राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ है। अब उप राष्ट्रपति चुनाव को लेकर एनडीए ने अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है। रविवार को हुई भाजपा संसदीय दल की अहम बैठक में महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को उम्मीदवार घोषित किया गया।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा समेत तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। घोषणा के बाद जे.पी. नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि राधाकृष्णन 21 अगस्त को नामांकन दाखिल करेंगे, जहां एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
सी.पी. राधाकृष्णन का नाम सामने आने के बाद अब उपराष्ट्रपति पद की जंग और रोचक हो गई है। माना जा रहा है कि राधाकृष्णन की सधी हुई छवि और संगठनात्मक अनुभव एनडीए के लिए बड़ा प्लस प्वाइंट साबित होगा।

















