RASHTRADEEP NEWS
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए नई गाइड लाइन – जारी की है। इसके अनुसार अब मूल पहचान पत्र में तीन साल से ज्यादा – समय की फोटो लगी होने पर उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। पहचान पत्र में पुराना फोटो होने पर अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
बोर्ड ने भर्ती परीक्षाओं में परीक्षार्थियों की ओर से परीक्षा प्रवेश पत्र के साथ स्वयं के मूल पहचान पत्र आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राईविंग लाईसेंस आदि में से किसी एक को प्रस्तुत करने का नियम है। अभ्यर्थी इन पहचान पत्रों में बचपन की अथवा सालों पुरानी फोटो लगी होने पर भी अब तक प्रवेश पा लेते थे। परन्तु ज्यादा पुरानी फोटो होने पर परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थी के चेहरे से या उनकी वर्तमान फोटो से पहचान पत्र की फोटो का मिलान नहीं हो पाता था।
इस परेशानी को देखते हुए अब मूल पहचान पत्रों में फोटो 3 वर्ष या उससे अधिक पुरानी नहीं होने का नियम बनाया गया है। जिनके पुराने फोटो लगे है, उन्हें अपने पहचान पत्र में फोटो को अपडेट करना होगा। मूल पहचान पत्र की फोटो का अभ्यर्थी के चेहरे या ताजा फोटो से मिलान होना आवश्यक है। बोर्ड ने यह व्यवस्था नकल प्रकरण रोकने एवं डमी अभ्यर्थी पर अंकुश लगाने के लिए की है।
















