Bikaner Crime News
बीकानेर शहर में नशे का जाल फैलाने वाले अब नकली नोटों का धंधा भी करने लगे हैं। नयाशहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 55 ग्राम एमडी ड्रग और 6 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं।
स्कॉर्पियो में छिपाकर ला रहे थे माल
नावां पुलिस से मिली सूचना पर जिलेभर में नाकाबंदी की गई। नयाशहर थाना क्षेत्र में ईदगाह के पास पुलिस ने एक स्कॉर्पियो को रोका। तलाशी में ड्रग्स और नकली नोट मिलने के बाद आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना प्रभारी विक्रम तिवाड़ी ने बताया कि
गिरफ्तार युवक सहीराम बिश्नोई (रंगा कॉलोनी) और प्रेमसुख डेलू (जंभेश्वर नगर) हैं। दोनों के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ तस्करी के केस दर्ज हो चुके हैं। स्कॉर्पियो गाड़ी भी उन्हीं की है।
नकली नोट बरामद होने के बाद पुलिस अब इस एंगल की भी जांच कर रही है कि आखिर बीकानेर में नशे के साथ नकली नोटों का नेटवर्क कैसे सक्रिय हो गया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे और खुलासे की संभावना है।















