🔴 Rajasthan Accident News
चूरू जिले के सादुलपुर के सिधमुख रोड पर मंगलवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को दहला दिया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पेड़ से टकराने के बाद खेत में जा पलटा।
हादसा सुबह करीब 7 बजे पुलिस थाने के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने हुआ। पुलिस के अनुसार, सिधमुख की ओर से आ रही स्विफ्ट कार और सामने से आ रहे ट्रेलर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जिसकी पहचान हुस्यार सिंह (43), निवासी कुम्हारों की ढाणी, सादुलपुर के रूप में हुई है।
दूसरी ओर, ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने क्रेन और जेसीबी की मदद से करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके दाहिने पैर में फ्रैक्चर पाया गया।
थाना अधिकारी राजेश सिहाग ने बताया कि, मृतक का शव राजकीय रैफरल अस्पताल सादुलपुर की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनकी रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















