🟡 Rajasthan Crime News
उदयपुर के ओगणा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब पार्टी के दौरान दो भाइयों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। पड़ावली चौकी क्षेत्र के लहुरो का वास में सोमवार देर रात छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की लाठी से हमला कर हत्या कर दी। घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
जानकारी के अनुसार रता पुत्र नाना गमेती और उसका छोटा भाई हीरा लाल देर रात साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों में बहस शुरू हुई, जो अचानक उग्र रूप लेती चली गई। गुस्से में आकर छोटे भाई हीरा लाल ने लाठी उठाई और बड़े भाई रता पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि रता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के समय वहां मौजूद केवल दोनों भाई थे। सूचना मिलते ही ओगणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
















