Pastor Bajinder Singh Arrest
धर्म परिवर्तन कराने और विदेशों से फंडिंग लेकर प्रलोभन देने के गंभीर आरोपों में कुख्यात पादरी बजिंदर सिंह उर्फ़ ‘येशु-येशु वाले बाबा’ को भरतपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह पहले से ही पंजाब की मनसा जेल में दुष्कर्म मामले में बंद था। शुक्रवार देर रात राजस्थान पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर भरतपुर लाई और शनिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद सेवर (भरतपुर) जेल में 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कैसे हुआ खुलासा?
धर्मांतरण केस में एफआईआर करवाने वाले संदीप कुमार के वकील उत्तम सिंह ने जानकारी दी कि, 12 फरवरी 2024 को भरतपुर के सोनार हवेली (अटलबंद) में संदिग्ध धार्मिक सभा आयोजित की गई थी। इसमें बच्चों, गरीब महिलाओं और बीमार व्यक्तियों को खाने-पीने का लालच और चमत्कार का झांसा देकर बुलाया गया। बड़ी स्क्रीन पर पादरी बजिंदर के वीडियो दिखाए गए और हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया गया। बाद में 30 फरवरी 2024 को अटलबंद थाने में केस दर्ज हुआ, जिसमें पादरी बजिंदर की भूमिका सामने आई।
महिलाओं को 500-500 रुपये और अच्छे भविष्य का लालच
जांच में खुलासा हुआ कि सभा में शामिल महिलाओं को 500-500 रुपये नकद दिए जाते थे। साथ ही उन्हें बेहतर भविष्य और इलाज का भरोसा दिलाकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता था।
विदेशों से करोड़ों की फंडिंग, बैंक खाते फ्रीज
पुलिस जांच में सामने आया कि, बजिंदर सिंह इन कार्यक्रमों को आयोजित करने के लिए विदेशों से भारी फंडिंग लेता था। उसके बैंक खातों में करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ। संदेहास्पद गतिविधियों के चलते उसके कई खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। हालांकि खातों के आधिकारिक विवरण अभी पुलिस ने जारी नहीं किए हैं।
पहले भी हो चुकी गिरफ्तारी
इससे पहले भी इस मामले में 3 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सभी ने माना कि पूरा आयोजन पादरी बजिंदर सिंह के इशारे और फंडिंग से हुआ था।
















