Bikaner Breaking
  • Home
  • Bikaner
  • 25 करोड़ की लागत से पीबीएम अस्पताल बनेगा हाई-टेक सेफ्टी जोन…
Image

25 करोड़ की लागत से पीबीएम अस्पताल बनेगा हाई-टेक सेफ्टी जोन…

🟢 PBM Hospital Bikaner

प्रदेश के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में अब जल्द ही आधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम लगाया जाएगा। आग से सुरक्षा के लिए राज्य सरकार को 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। बजट स्वीकृत होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

मंगलवार को हुई चिकित्सा शिक्षा विभाग की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि, मुख्यमंत्री से इस प्रस्ताव पर चर्चा हो चुकी है और बजट जल्द मंजूर कराया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि 31 दिसंबर तक सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त हो जानी चाहिए। यदि उसके बाद किसी अस्पताल में हादसा होता है, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसपी मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि पीडब्ल्यूडी ने करीब 25 करोड़ रुपये का एस्टिमेट तैयार किया है। इस प्रस्ताव में पीबीएम कैंपस की करीब 18 इमारतें शामिल होंगी। डॉ. वर्मा ने बताया कि फायर सिस्टम के साथ-साथ बिल्डिंग मेंटिनेंस और रिपेयर कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

चिकित्सा मंत्री ने यह भी कहा कि सभी अस्पताल पीडब्ल्यूडी अभियंताओं के साथ समन्वय में कार्य करें और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने डेंगू व अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए पर्याप्त दवा आपूर्ति बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं।

हाल ही में जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल ट्रॉमा सेंटर में आग लगने की घटना के बाद सरकार ने प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा और सुधार की प्रक्रिया तेज कर दी है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *