RASHTRADEEP NEWS
हनुमानगढ़ जिले की भादरा थाना पुलिस ने पांच-पांच हजार रुपए के दो इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अवैध मादक पदार्थों एवं हथियारों की तस्करी-उपयोग का प्रचलन रोकने, प्रभावी नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की अधिक से अधिक गिरफ्तारी किए जाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान की निरंतरता में की गई।
भादरा थाना प्रभारी हनुमानाराम के अनुसार उच्चाधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान की निरंतरता में थाना पर गठित विशेष टीम की ओर से प्रकरण संख्या 34/2024 धारा 323, 341, 325, 354, 427, 34 आईपीसी व 7/8 पोक्सो एक्ट में फरार दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में सुरेन्द्र (30) पुत्र हरिसिंह जाट व राकेश कुमार उर्फ फौजी (23) पुत्र रामप्रताप मेघवाल दोनों निवासी डूंगराना शामिल है। इन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। दोनों इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी में कॉन्स्टेबल सुभाष की विशेष भूमिका रही।
















