⚫ Rajasthan News Today
राजस्थान के जैसलमेर जिले की पुलिस लाइन से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कांस्टेबल ने अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मृतक कांस्टेबल की पहचान नरेंद्र मीणा, निवासी सवाई माधोपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार नरेंद्र मीणा जैसलमेर पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में अकेले रह रहे थे। कुछ दिन पहले उनका परिवार सवाई माधोपुर गया हुआ था।
बताया जा रहा है कि, गुरुवार सुबह जब कांस्टेबल नरेंद्र मीणा तय समय पर बाहर नहीं आए, तो साथियों को संदेह हुआ। पुलिसकर्मियों ने उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। कमरे के अंदर नरेंद्र मीणा का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्होंने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से सर्विस रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
















