Narendra Modi Bikaner Visit
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 22 मई को बीकानेर दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियों में तेजी आ गई है। इसी कड़ी में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दो दिवसीय दौरे पर 21 मई को बीकानेर पहुंचेंगे। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री मंगलवार दोपहर 2:20 बजे नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से सर्किट हाउस जाएंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। रात्रि विश्राम भी सर्किट हाउस में ही निर्धारित है।
22 मई को मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे देशनोक पहुंचेंगे और 11 बजे करणी माता मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे देशनोक रेलवे स्टेशन पर होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर 12 बजे वे पलाना स्थित सभा स्थल पहुंचेंगे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 1 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम समाप्ति के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे हेलीपैड से नाल के लिए रवाना होंगे और वहां से दोपहर 2:15 बजे जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
मिनट-टू-मिनट शेड्यूल जारी, प्रशासन अलर्ट मोड में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीकानेर आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। मुख्यमंत्री शर्मा खुद तैयारियों की समीक्षा करेंगे और करणी माता मंदिर परिसर व सभा स्थल का निरीक्षण भी करेंगे।
बीकानेर में पीएम मोदी की रैली और योजनाओं की घोषणा को लेकर जनमानस में उत्साह का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ता भी इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं।















