⚪ Rahul Gandhi Threat News
कांग्रेस नेता Rahul Gandhi को टीवी डिबेट में गोली मारने की धमकी देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर कांग्रेस महासचिव KC Venugopal ने केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah को पत्र लिखा है।
पत्र में वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि, यह कोई सामान्य बयान नहीं बल्कि जानबूझकर फैलाई जा रही नफरत की राजनीति का नतीजा है। उन्होंने कहा कि, BJP और ABVP प्रवक्ता के खिलाफ तत्काल कार्रवाई न होना राहुल गांधी के खिलाफ हिंसा में मिलीभगत माना जाएगा।
दरअसल, केरल में एक न्यूज चैनल पर लद्दाख हिंसा को लेकर लाइव डिबेट हो रही थी। इस दौरान भाजपा की ओर से शामिल हुए पूर्व एबीवीपी नेता प्रिंटू महादेव ने कहा कि “राहुल गांधी को सीने में गोली मार दी जाएगी।” यह बयान सामने आते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कड़ी नाराजगी जताई।
वेणुगोपाल ने अपने पत्र में लिखा – यह धमकी किसी छोटे पदाधिकारी का “गुस्से में दिया गया बयान” नहीं है। यह उस जहरीले माहौल का नतीजा है जो विपक्षी नेताओं को असुरक्षित बनाता है। अब यह भाजपा और केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है कि वे बताएं कि वे किस विचारधारा के पक्ष में हैं। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि अगर इस मामले में तुरंत कार्रवाई नहीं की गई तो इसे राहुल गांधी के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देने और सत्ताधारी पार्टी की सहमति के तौर पर देखा जाएगा।


















