Rajasthan Police News
राजस्थान पुलिस मुख्यालय की ओर से बड़ा आदेश जारी किया गया है, जिसने पूरे प्रदेश के पुलिसकर्मियों में चर्चा का माहौल बना दिया है। ताज़ा निर्देशों के तहत अब सब इंस्पेक्टर (SI) को थानों की कमान नहीं दी जाएगी। साथ ही जो एसआई पुलिस निरीक्षक (Inspector) पद पर प्रोन्नत होंगे, उन्हें दो साल तक नॉन-फील्ड पोस्टिंग पर ही रहना होगा।
मुख्यालय की ओर से किए गए रिव्यू में सामने आया कि फिलहाल 473 सब इंस्पेक्टर थानों में SHO के पद पर कार्यरत हैं, जबकि पुलिस लाइन में 131 निरीक्षक उपलब्ध हैं। इनमें से 33 निरीक्षकों पर विभिन्न मामलों के आरोप हैं, लेकिन बाकी 98 निरीक्षक पूरी तरह योग्य होने के बावजूद तैनाती से वंचित हैं।
बीकानेर जिले पर सीधा असर
बीकानेर जिले में आधा दर्जन से अधिक थाने ऐसे हैं जहां फिलहाल सब इंस्पेक्टर SHO के रूप में कार्य कर रहे हैं। इनमें दंतौर, पूगल, कालु, महाजन, देशनोक, गजनेर और नया शहर थाने शामिल हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इन थानों के प्रभारी बदले जा सकते हैं और निरीक्षकों की तैनाती की जा सकती है।
क्यों लिया गया फैसला?
हाल ही में प्रदेशभर में बड़ी संख्या में एसआई ने पुलिस निरीक्षक पदोन्नति परीक्षा दी थी, जिनका परिणाम जारी हो चुका है। अब एक साथ सैकड़ों सब इंस्पेक्टर इंस्पेक्टर बनने वाले हैं। ऐसे में पुलिस मुख्यालय का यह आदेश आने वाले समय में थानों में निरीक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।















