Vasundhara Raje Mohan Bhagwat meeting
राजस्थान की राजनीति एक बार फिर गरम हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री Vasundhra Raje और RSS प्रमुख Mohan Bhagwat की गुरुवार को जोधपुर में हुई मुलाकात ने अटकलों का नया दौर शुरू कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात लाल सागर इलाके के आदर्श विद्या मंदिर में हुई और करीब 20 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत चली। हालांकि चर्चा का आधिकारिक एजेंडा सामने नहीं आया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगे हैं—क्या यह मुलाकात राजस्थान बीजेपी की भविष्य की रणनीति से जुड़ी है?
क्यों अहम है यह मीटिंग?
मोहन भागवत इस समय जोधपुर में आरएसएस और उसके 32 अनुषांगिक संगठनों की 5 से 7 सितंबर तक चलने वाली अखिल भारतीय समन्वय बैठक में शामिल होने पहुंचे हैं। इसी बीच वसुंधरा राजे का उनसे मिलना अलग ही राजनीतिक संदेश देता है।
हाल ही में वसुंधरा राजे ने अपने बयान से भी हलचल मचा दी थी। धौलपुर में उन्होंने कहा था— “वनवास हर किसी के जीवन में आता है, लेकिन यह स्थायी नहीं होता। यह आता-जाता है और इंसान को धैर्य रखना चाहिए।” इस बयान को उनके राजनीतिक भविष्य और पार्टी में मौजूदा स्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है।
आगे की राजनीतिक तस्वीर
आरएसएस प्रमुख से मुलाकात के बाद राजे ने सुरसागर में बाबा रामदेवड़ा और राइका बाग के जुगलजोड़ी मंदिर में दर्शन किए।
अब बड़ा सवाल यह है कि— क्या बीजेपी में राजे की भूमिका को लेकर जल्द ही कोई बदलाव देखने को मिलेगा? या फिर यह महज औपचारिक मुलाकात भर थी?
राजस्थान में कांग्रेस और बीजेपी दोनों खेमों की निगाहें अब इस मुलाकात पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में इसका असर राजनीतिक समीकरणों पर देखने को मिल सकता है।
















