RASHTRADEEP NEWS
पूर्व मंत्री और शिवसेना (शिंदे गुट) राजस्थान के कॉर्डिनेटर राजेंद्र सिंह गुढ़ा प्रदेश में सभी लोकसभा सीट पर भाजपा का प्रचार करेंगे। विशेष रूप से जालोर-सिरोही सीट पर जाएंगे, जहां से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत कांग्रेस से चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा और शिवसेना ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी।
गुढ़ा ने चुनौती भरे अंदाज में कहा कि अब अशोक गहलोत का कर्ज चुकाने का वक्त आ गया है, इसलिए जालोर-सिरोही सीट पर भी भाजपा का प्रचार करने जाऊंगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी मुझे खासतौर से इस सीट पर प्रचार के लिए कहा है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे गुढ़ा की अशोक गहलोत से अदावत किसी से छिपी नहीं है। खास यह भी है कि गुढ़ा कुछ दिन पहले तक झुंझुनूं सीट पर भाजपा प्रत्याशी शुभकरण चौधरी के खिलाफ बोले रहे थे, यहां तक की लोगों से वोट नहीं देने की अपील भी की थी। लेकिन अब उनके समर्थन में भी प्रचार में उतरेंगे। गुढ़ा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर शिवसेना का भाजपा के साथ गठबंधन है, इसलिए समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। प्रेसवार्ता में भाजपा की चुनाव सह प्रभारी विजया राहटकर, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ मौजूद थे।