🟡 Bikaner SP Office Self Immolation Case
बीकानेर में एसपी कार्यालय के बाहर आत्मदाह के प्रयास से जुड़ा मामला अब बेहद दुखद मोड़ पर पहुंच गया है। आग से गंभीर रूप से झुलसे रामलाल मेघवाल की जयपुर में उपचार के दौरान देर रात मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार खाजूवाला क्षेत्र के 4 बीजीएम भागू गांव निवासी रामलाल मेघवाल गुरुवार को बीकानेर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। अचानक हुई इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे रामलाल को तुरंत पीबीएम अस्पताल, बीकानेर पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें जयपुर रेफर कर दिया था। जयपुर में इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि रामलाल मेघवाल एक महिला द्वारा कथित रूप से ब्लैकमेल किए जाने की शिकायत को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे थे। इस मामले में उन्होंने पहले भी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। सूत्रों के मुताबिक इस विवाद में पहले समझौता भी हो चुका था, लेकिन मामला पूरी तरह शांत नहीं हुआ था।















