RASHTRA DEEP NEWS BIKANER। प्रदेशभर में गुरुवार को रामनवमी को लेकर शोभयात्रा निकाली गई। इस शोभयात्रा में बड़ी संख्या में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी झांकियों को दिखाया गया।
जोधपुर शहर में रामनवमी के मौके पर गुरुवार को घंटाघर से निकली शोभायात्रा ने जयकारों के साथ दोपहर 12.30 बजे शहर में प्रवेश किया। शोभायात्रा में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ता और शहरवासी भगवा झंडे लेकर शामिल हैं। भगवान राम के जयकारों के साथ शोभायात्रा शहर के भीतरी इलाकों से गुजर रही है।


शहर के घंटाघर से सुबह 10 बजे से शोभायात्रा शुरू हुई थी। यात्रा में 500 महिलाएं ध्वज लेकर मंगल गीत गाते हुए आगे चल रही हैं। इस बार शोभायात्रा में 450 झांकियां शामिल हैं। सामाजिक समरसता राष्ट्रीय एकता व पर्यावरण का संदेश देती झांकियां भी शामिल हैं।

39 साल पहले 1984 में जोधपुर में भगवान श्री राम की पहली शोभायात्रा निकाली गई थी। उस समय 9 झांकियों के साथ इसकी शुरुआत हुई थी। आज इसमें 450 झांकियां शामिल की जाती है। अब 300 के करीब कार्यकर्ताओं की टीम है जो हर साल रामनवमी महोत्सव को लेकर शोभायात्रा निकालती है। इसमें शहर के लगभग 20 अखाड़े भी हिस्सा लेते हैं।

जयपुर: शहर के सबसे पुराने राम मंदिर में जन्मोत्सव
जयपुर शहर के चांदपोल बाजार स्थित श्रीराम मंदिर में रामनवमी उत्सव मनाया गया। इस दौरान राम दरबार का विशेष शृंगार किया गया। यहां सुबह से ही भक्तों की लाइन लगी हुई थी। दोपहर बाद भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त जुटे रहे। जैसे ही मंदिर के पट खुले, यहां मौजूद भक्त मंगल बधाई गाने लगे। यहां विशेष पूजा अर्चना के बाद बधाईयां गाईं । वहीं दोपहर बाद पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी मंदिर पहुंचे। यहां पूजा अर्चना के बाद मौजूद भक्तों से मुलाकात भी की। इस दौरान लोगों ने उनके साथ सेल्फ भी ली। वहीं चांदपोल स्थित हनुमान मंदिर में 700 किलो लड्डू कीझांकी सजाई गई।

दोपहर बाद गलता गेट से शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। इसमें करीब 35 तरह की झांकियां शामिल की गई। शोभायात्रा गलता गेट से प्रारंभ होकर रामगंज चौपड़ होते हुए त्रिपोलिया बाजार के रास्ते से श्री रामचंद्र मंदिर चांदपोल बाजार रात 10 बजे पहुंचेगी। इस 6 किलोमीटर लंबी शोभायात्रा में हाथी, ऊंट, घोड़े और अन्य देवी-देवताओं की झांकी शामिल है।
