🔴 Bikaner political News
कांग्रेस संगठन महासचिव नितिन वत्सस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, कांग्रेस संगठन की ओर से दावा किया गया कि उन्हें पहले ही पद से हटा दिया गया था। कांग्रेस जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत ने ही नितिन वत्सस को हटाने का निर्णय लिया था।


इस्तीफा पत्र में वत्सस ने प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि, “डोटासरा रामेश्वर डूडी के घर गए, उनका स्वागत है, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष जनार्दन कल्ला के घर शोक व्यक्त करने नहीं गए, यह बेहद दुखद और आहत करने वाला है।” गौरतलब है कि हाल ही में पूर्व मंत्री बीडी कल्ला के भाई जनार्दन कल्ला की पत्नी का निधन हुआ था। इस घटना के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का वहां नहीं जाना पार्टी के भीतर नाराजगी का कारण बन गया है।
नितिन वत्सस ने इसे वरिष्ठ नेताओं का अपमान करार दिया और संगठनात्मक ढांचे में हो रही अनदेखी पर भी सवाल उठाए।
नितिन वत्सस के इस्तीफे के बाद एक बार फिर से कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान और गुटबाज़ी उजागर हो गई है। एक ओर नेतृत्व को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर संगठन में लगातार हो रहे बदलाव कार्यकर्ताओं को भी असमंजस में डाल रहे हैं।














