⚪ Gold Sliver Rate
लगातार चार कारोबारी दिनों तक ऑल टाइम हाई पर रहने के बाद गुरुवार, 30 जनवरी को सोना और चांदी के दामों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। एक ही दिन में सोना 6,865 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 22,825 रुपए प्रति किलो तक सस्ती हो गई। कीमतों में इस बड़ी गिरावट से सर्राफा बाजार और निवेशकों में हलचल मच गई है।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि बीते कुछ दिनों की तेज बढ़त के बाद निवेशकों ने मुनाफा वसूली शुरू कर दी, जिसका सीधा असर कीमती धातुओं की कीमतों पर पड़ा। इसके चलते सोना-चांदी के दाम अचानक नीचे फिसल गए।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार,
- 24 कैरेट सोना (10 ग्राम) का भाव घटकर 1,68,475 रुपए पर आ गया है।
- इससे पहले गुरुवार को सोना 1,75,340 रुपए प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर था।
वहीं,
- चांदी (1 किलो) की कीमत गिरकर 3,57,163 रुपए रह गई है।
- एक दिन पहले इसका भाव 3,79,988 रुपए प्रति किलो था।
जनवरी महीने में सर्राफा बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 16 जनवरी से 29 जनवरी के बीच सोना और चांदी दोनों ने ऐतिहासिक तेजी दिखाई, लेकिन 30 जनवरी को अचानक आई गिरावट ने बाजार की दिशा बदल दी।
आगे क्या कह रहे हैं एक्सपर्ट्स?
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय संकेतों, डॉलर इंडेक्स और ब्याज दरों की चाल के आधार पर सोना-चांदी में फिर से उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल बाजार में कंसोलिडेशन और प्रॉफिट बुकिंग का दौर जारी रह सकता है।

















