Rohit Godara Gang Threat
श्रीगंगानगर में एक हाई-प्रोफाइल जबरन वसूली का मामला सामने आया है। भाजपा नेता और प्रमुख व्यवसायी अशोक चांडक को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई है। गैंगस्टर ने नेता और उनके बेटे से वॉट्सऐप कॉल के जरिए 30 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की।

गैंगस्टर ने धमकी भरे लहजे में कहा, “ऐसा झटका देंगे कि ज़िंदगी भर याद रहेगा… तुम्हारे गार्ड भी नहीं बचा पाएंगे।” इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि अगर रकम नहीं दी गई तो पंजाब के शराब ठेके भी किसी और के हवाले हो जाएंगे।
लगातार धमकियों से दहशत में परिवार, सुरक्षा की गुहार
अशोक चांडक ने शनिवार को कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई और खुद व परिवार की सुरक्षा की मांग की। उन्होंने कहा कि उनका परिवार पिछले 70 वर्षों से श्रीगंगानगर में निवास कर रहा है, लेकिन पहली बार ऐसी खतरनाक स्थिति का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 20 जून से लगातार उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। 17 जून को उनके बिजनेस पार्टनर आशीष गुप्ता पर दिनदहाड़े फायरिंग की गई थी, जिसमें गुप्ता ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
24 जून को गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर नाम के व्यक्ति ने फिर एक कॉल कर राघव (अशोक चांडक के बेटे) को धमकी दी और कहा कि अगर फिरौती नहीं दी गई तो अंजाम बहुत बुरा होगा।
एसपी गौरव यादव ने जानकारी दी कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। अशोक चांडक ने पुलिस से आग्रह किया है कि कॉल रिकॉर्डिंग और चैट मैसेजों को डिजिटल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाए और गैंगस्टर रोहित गोदारा और उसके नेटवर्क की बारीकी से जांच की जाए। साथ ही, आशीष गुप्ता पर हुए हमले की पृष्ठभूमि की भी परत-दर-परत छानबीन हो।














