Bikaner Breaking
  • Home
  • Rajasthan
  • रोहित गोदारा ग्रुप पर बड़ा शिकंजा, हथियार सप्लाई से जुड़े तीन युवक गिरफ्तार…
Image

रोहित गोदारा ग्रुप पर बड़ा शिकंजा, हथियार सप्लाई से जुड़े तीन युवक गिरफ्तार…

🟢 Rajasthan Police News

रोहित गोदारा ग्रुप से जुड़े नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बीकानेर रेंज आईजी के निर्देश पर हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा थाना क्षेत्र में की गई, जहां गैंग को अवैध हथियार उपलब्ध कराने के मामले में आरोपियों को दबोचा गया।

पीलीबंगा पुलिस ने मंगलवार को आकाशदीप बराड़, लवजोत सिंह उर्फ नवजोत और आकाशदीप सिंह धालीवाल को हिरासत में लिया। तीनों को फिलहाल धारा-170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपियों से गैंग कनेक्शन, हथियारों की सप्लाई और अन्य आपराधिक वारदातों में भूमिका को लेकर जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2025 को लीलांवाली (तहसील संगरिया) निवासी प्रदीप कुमार मेघवाल ने पीलीबंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने धोखाधड़ी कर फर्जी तरीके से बैंक खाता खुलवाया और नई सिम जारी करवाई। मामले की जांच के दौरान तीनों युवकों की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद गिरफ्तारी की गई।

थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार ने टीम के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी आकाशदीप बराड़ पहले से ही थाना जवाहरनगर, जिला श्रीगंगानगर में दर्ज संगठित अपराध के एक गंभीर मामले में वांछित है। उस प्रकरण में बीएनएस की गंभीर धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के प्रावधान भी जुड़े हुए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर रोहित गोदारा गैंग के स्थानीय नेटवर्क, फंडिंग, फर्जी खातों और हथियारों की सप्लाई चेन को खंगालने में जुटी है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *