Rajasthan Assembly Monsoon Session
राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार को शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़ गया। प्रश्नकाल शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
सत्र शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में कांग्रेसी विधायक हाथों में तख्तियां और बैनर लिए हुए विधानसभा पहुंचे। विधायक आवास से लेकर विधानसभा परिसर तक उन्होंने जोरदार नारेबाजी और मार्च किया। कांग्रेस विधायकों के बैनरों पर सरकार की कानून-व्यवस्था में नाकामी उजागर करने वाले नारे लिखे थे। सदन में प्रवेश के दौरान सुरक्षाकर्मियों और विधायकों के बीच धक्का-मुक्की भी हो गई। गार्ड्स ने पोस्टरों को अंदर ले जाने से रोक दिया, लेकिन विधायकों ने जिद पर अड़े रहकर पोस्टर सहित सदन में प्रवेश किया। इस घटनाक्रम के चलते एकबारगी विधानसभा परिसर के बाहर अफरा-तफरी और हड़कंप की स्थिति बन गई।














